द फॉलोअप डेस्क
JPSC ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-01/2026) का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने यह परिणाम झारखंड हाईकोर्ट के 30 जून 2026 को पारित आदेश के आलोक में प्रकाशित किया है। यह आदेश 2 जुलाई 2026 को अपलोड किया गया था। आयोग ने बताया कि परीक्षा परिणाम उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है और अभ्यर्थी वहां जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ परिणाम
जेपीएससी ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 को आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम हाईकोर्ट में लंबित W.P.(S) No. 1276/2026 (Vikash Chandra & Others Vs The State of Jharkhand & Others) तथा इससे संबंधित अन्य मामलों में 30 जून को दिए गए आदेश के बाद जारी किया गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती सामने आती है, तो उसे सुधारने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए भर सकेंगे आवेदन
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 से मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। मुख्य परीक्षा के आवेदन के साथ आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य अभिलेख ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके अलावा संबंधित दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जमा करने से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों से वेबसाइट पर जारी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही आवेदन करने की अपील की है।