रांची
JPSC-JSSC में गड़बड़ी के खिलाफ शुक्रवार को JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने राज्य के सभी जिलों में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का पुतला दहन करने का कार्यक्रम तय किया था। राजधानी रांची में भी छात्र, मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से पैदल मार्च करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब कुछ लोग छात्रों की भीड़ में घुस गए और मुख्यमंत्री का पुतला लेकर फरार हो गए। छात्रों ने आरोप लगाया है कि वो लोग झामुमो के कार्यकर्त्ता थे। इस दौरान एक महिला अभ्यर्थी के हाथ से पुतला छीनकर भागने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, कथित तौर पर महिला अभ्यर्थी का दुपट्टा खींचने का भी प्रयास किया गया।
.jpeg)
अभ्यर्थियों ने एक युवक को पकड़ लिया
हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य अभ्यर्थियों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले के बाद मौके पर मौजूद अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी देखने को मिली। छात्रों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस-प्रशासन ने विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित तरीके से शहीद चौक होते हुए वापस मोरहाबादी भेज दिया। हालांकि, शहीद चौक के पास अभ्यर्थियों ने प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
