रांची
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के उस बयान को गलत बताया, जिसमें उन्होंने कहा था कि यहां कोई भी विद्यार्थी नहीं है। अभ्यर्थियों ने कहा कि हम सभी छात्र हैं और हम लोग डेलिगेशन के रूप में मोहराबादी गेस्ट हाउस में वार्ता के लिए गए थे। अभ्यर्थियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर 16 अगस्त को CM आवास घेराव किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन यह गलत और भ्रामक खबर है। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि 16 अगस्त को CM आवास घेराव का कोई कार्यक्रम नहीं है। अभ्यर्थियों ने बताया कि 15 अगस्त को सभी अभ्यर्थी तिरंगा यात्रा निकालेंगे। उन्होंने CM से आग्रह किया कि हमारे पास आएं और छात्रों से वार्ता करें। अभ्यर्थियों ने कहा कि यह मंच किसी राजनीतिक पार्टी का नहीं है। CM खुद आएं, विद्यार्थियों से मुलाकात करें और समस्या का जल्द समाधान करें। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी 2 प्रतिशत मांगें मानी गई हैं, जबकि प्रमुख मांगों पर सरकार ने अभी तक विचार नहीं किया है।
FIR को लेकर भी उठाए सवाल
अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की कि जो FIR दर्ज की गई है, जिला प्रशासन स्पष्ट करे कि FIR में किसी विद्यार्थी का नाम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे। अभ्यर्थियों ने राहुल गांधी से भी आग्रह किया कि वे मुख्यमंत्री से बात करें और उनकी मांगों को पूरा करवाएं। अभ्यर्थियों ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर राहुल गांधी से समर्थन वापस लेने की अपील की गई है। अभ्यर्थियों ने दोहराया कि उनका मंच किसी राजनीतिक पार्टी का नहीं है और उनकी मांगें छात्रों के हित से जुड़ी हैं। उन्होंने CM से स्वयं छात्रों के बीच आकर वार्ता करने और समस्या का जल्द समाधान करने का आग्रह किया।