गढ़वा
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा से माटी की लड़ाई लड़ने वाली पार्टी रही है. कोर कमेटी का गठन इस बात का प्रतीक है कि संगठन गढ़वा जिले के सर्वांगीण विकास और पार्टी की मजबूती के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि अब पूरी टीम एकजुट होकर विपक्ष के हर षड्यंत्र का जवाब देगी. पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और नवगठित कोर कमेटी पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को धारदार और मजबूत बनाने के साथ-साथ सरकार की जनहित योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि कमेटी में अनुभवी नेताओं के साथ ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को भी स्थान दिया गया है, ताकि अनुभव और जोश के समन्वय से पार्टी को नई गति मिल सके. उन्होंने ने कहा कि झामुमो काम करने में विश्वास करता है, झूठ का पुलिंदा बांधने में नहीं, और पार्टी के सभी कार्यकर्ता ईमानदारीपूर्वक जनहित में कार्य करते हैं.
अब JMM होगा और मजबूत और धारधार: मिथिलेश ठाकुर
उन्होंने आगे कहा झारखंड मुक्ति मोर्चा का संगठन अब और अधिक मजबूत और धारदार बनाया जाएगा. बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त करने के उद्देश्य से झामुमो गढ़वा जिला कमेटी ने कवायद शुरू कर दी है. सोमवार को गढ़वा स्थित कल्याणपुर आवासीय कार्यालय में झामुमो की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया.
21 सदस्यीय जिला कोर कमेटी गठित
उनके निर्देशानुसार बैठक में सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय जिला कोर कमेटी का गठन किया गया. इस कमेटी में जवाहर पासवान, तनवीर आलम, ताहिर अंसारी, जैनुल आबेदीन खान उर्फ मदनी खान, नितेश सिंह, राजकिशोर यादव, शंभूराम चंद्रवंशी, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, धर्मराज पासवान, झामुमो जिला अध्यक्ष शंभू राम, जिला सचिव मो. शरीफ अंसारी, अशर्फी राम, रेखा चैबे, मनोज ठाकुर, रामनरेश चौधरी, जेपी मिंज, नरेंद्र भुईयां, संजय सिंह खरवार (छोटू), चंदन जायसवाल, सूर्यदेव मेहता और मुक्तेश्वर पांडेय को शामिल किया गया है. वहीं जवाहर पासवान को कमेटी का संयोजक मनोनीत किया गया.
समन्वय और रणनीति मजबूत करेगी JMM की कोर कमेटी: जिला अध्यक्ष
जिला अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कोर कमेटी पार्टी के महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों, रणनीतियों तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में मुख्य भूमिका निभाएगी. बैठक में मुख्य रूप से जवाहर पासवान, तनवीर आलम, ताहिर अंसारी, मदनी खान, नितेश सिंह, राजकिशोर यादव, शंभू राम चंद्रवंशी, शांति देवी, शरीफ अंसारी, अशर्फी राम, रेखा चैबे, संजय सिंह खरवार, चंदन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
