रांची
धुर्वा क्षेत्र से विगत 12 दिनों से लापता मासूम बच्चों करण, अर्जुन एवं शिवा नायक की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, धुर्वा मंडल के तत्वावधान में मशाल जुलूस निकालाय गया। मंडल अध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में शनिवार को शालीमार बाजार (स्टेडियम रोड) से पुराना विधानसभा चौक तक जुलूस निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर बच्चों की शीघ्र बरामदगी की मांग उठाई। इस अवसर पर भाजपा रांची महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि तीन मासूम बच्चों का इतने दिनों तक लापता रहना अत्यंत चिंताजनक और पीड़ादायक है। राज्य सरकार और प्रशासन को इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों के साथ युद्धस्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक बच्चे सकुशल अपने परिवार के बीच नहीं लौटते, भाजपा चैन से नहीं बैठेगी।

सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना
मशाल जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने बच्चों की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना की तथा प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए विभिन्न नारे लगाए। उपस्थित लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे झारखंड की जनता की निगाहें इस मामले पर हैं और सभी लोग बच्चों की सकुशल घर वापसी की कामना कर रहे हैं। पार्टी ने प्रशासन से अपील की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए खोज अभियान को और तेज किया जाए तथा जल्द से जल्द बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया जाए।
मशाल जुलूस में पूर्व जिला अध्यक्ष के. के. गुप्ता, महामंत्री बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, उमेश यादव, राकेश भास्कर, पंकज शहदेव, गुमशुदा बच्चों की मां डोली देवी, उमेश रंजन साहू, राजू सिंह, बीना मिश्रा, संकेत तिवारी, रेखा महतो, लगन राम, नयन परमार, चंदन पटेल, अजय मुंडा, अभय राम, पैरों देवी, मंजू उपाध्याय, राधिका देवी, गीता गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
