रांची
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 14 अगस्त के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, 12 व 13 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला में भारी बारिश व अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 
13 अगस्त को दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
13 अगस्त को झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले कुछ दिनों तक स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से बारिश का दौर जारी रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
14-15 अगस्त को भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 15 अगस्त को रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इन सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि राज्य के अन्य जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।