द फॉलोअप डेस्क:
बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में 26 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 24 सितंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद समेत दक्षिणी और मध्य झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलजमाव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
.jpeg)
24 सितंबर को भारी बारिश, 27 तक तेज हवा
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 सितंबर को सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के साथ रांची, गुमला और खूंटी के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। 27 सितंबर को कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार सुबह डिप्रेशन पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बुधवार रात तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच तट पार करने का अनुमान है। मौसम को देखते हुए लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।