द फॉलोअप डेस्क:
Weather Update: झारखंड (Jharkhand) से मानसून (monsoon) की विदाई शुरू हो गई है, लेकिन जाते-जाते मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। बुधवार, 7 अक्टूबर को रांची (Ranchi) समेत राज्य के 14 जिलों में बारिश, गरज-चमक (Thunderstorm) और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 7 से 9 अक्टूबर तक झारखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। राज्य के कई इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। राजधानी रांची में 7 और 8 अक्टूबर को बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 10 और 11 अक्टूबर को राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा।

रांची में 28 डिग्री रह सकता है तापमान
रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम करीब 23 डिग्री रह सकता है। धनबाद और बोकारो में दिन का तापमान 31-32 डिग्री, जबकि रात में 23-25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पलामू में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और गुमला में 28-30 डिग्री रह सकता है। इससे पहले 5 अक्टूबर को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री दर्ज किया गया था।