logo

झारखंड में 8 अगस्त तक मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

weather_ranchi_img.jpg

रांची
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 8 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को राजधानी रांची में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के कंचनपुर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बासुदेव महतो (51) और दुलिया देवी (48) के रूप में हुई है। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 7 अगस्त को गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। विभाग के अनुसार 8 अगस्त को दक्षिणी झारखंड के साथ-साथ गुमला और खूंटी जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।
8 से 10 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 8 अगस्त को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। 9 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं, 10 अगस्त को अलग-अलग क्षेत्रों में फिर से हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

Tags - Jharkhand Weather Monsoon Heavy Rain Lightning IMD Alert