logo

अब शुष्क रहेगा झारखंड का मौसम, तापमान में होगी 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी

garmi3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के सभी जिलों का मौसम अब अगले कई दिनों तक शुष्क रहेगा। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश, तेज हवा और गरज के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया था, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और तापमान भी सामान्य बना रहा। लेकिन अब मौसम बदलने वाला है और राज्य में फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार वृद्धि होगी। अधिकतम तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।


सरायकेला सबसे गर्म, कई जिलों में बढ़ा पारा
राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में अंतर देखा जा रहा है। शुक्रवार को सरायकेला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं मेदनीनगर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में भी तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत दे रहा है।


रांची में 14 अप्रैल तक लगातार बढ़ेगा तापमान
रांची के लिए जारी मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और तापमान में लगातार वृद्धि होगी। 11 अप्रैल को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है। 12 अप्रैल को तापमान 35 डिग्री तक जा सकता है, जबकि 13 अप्रैल को यह 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। 14 अप्रैल को सबसे अधिक गर्मी महसूस हो सकती है, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की उम्मीद है।

 

Tags - Jharkhand Ranchi Weather Update Heat Temperature IMD Summer Season