द फॉलोअप डेस्क:
Varsha Kumari Selection: बूटी क्रिकेट क्लब (Booty Cricket Club) से एक और लड़की का झारखंड अंडर-19 (Jharkhand Under 19 ) टीम में चयन हुआ है। बीसीसीआई अंडर-19 स्टेट चैंपियनशिप (BCCI Under 19 State Championship) (T-20) में झारखंड की टीम के लिए वर्षा कुमारी (Varsha Kumari) का चयन हुआ है। वर्षा कुमारी की यह सफलता वर्षों की कड़ी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। बता दें कि इसी वर्ष बूटी क्रिकेट क्लब से कुमारी पलक का चयन अंडर-19 महिला इंडिया टीम के लिए हुआ था और कुमारी पलक भी अभी इस टीम की सदस्य हैं। वर्षा कुमारी हजारीबाग जिला से खेलती हैं और जिला के मैचों तथा स्टेट कैंप में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन हुआ है।

क्लब ने सम्मानित कर दी बधाई
इस उपलब्धि पर बूटी क्रिकेट क्लब के कोच कुमार पंचीत महतो ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उनके पिता वीरेंद्र कुमार, माता बेबी देवी, बूटी गांव के मुखिया जुगुन मुंडा, हितेंद्र सिंह, शीतल ओदार, राजू महतो, अशोक ओदार, कुंदन सिंह, संतोष सिंह, राम ओदार और बूटी क्रिकेट क्लब के सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।