द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
आग लगने की घटनाओं में जान-माल के नुकसान को कम करने और दमकल सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए झारखंड में फायर स्टेशनों का विस्तार किया जाएगा। अग्निशमन विभाग ने राज्य में मौजूदा 45 फायर स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 57 करने की योजना तैयार की है। इसके तहत रांची समेत 10 जिलों में 12 नए फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। विभागीय स्तर पर प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है और अब इनके लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। रांची में पिस्का मोड़ के पास नया फायर स्टेशन खोलने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। इसके लिए विभाग ने एक एकड़ जमीन भी चिह्नित कर ली है। जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही यहां निर्माण कार्य शुरू किए जाने की योजना है। नए फायर स्टेशन बनने से उन इलाकों को विशेष राहत मिलेगी, जहां फिलहाल आग लगने की स्थिति में दूसरे क्षेत्रों के दमकल केंद्रों से गाड़ियां भेजनी पड़ती हैं।
