logo

झारखंड में वज्रपात का कहर, 6 लोगों की मौत; IMD ने अगले 5 दिन तक भारी बारिश का येलो अलर्ट

झारखंड में वज्रपात का कहर, 6 लोगों की मौत; IMD ने अगले 5 दिन तक भारी बारिश का येलो अलर्ट

रांची
झारखंड में मानसून के साथ वज्रपात का खतरा लगातार बना हुआ है। रविवार को राज्य के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक प्रभावित रामगढ़ जिला रहा, जहां चार लोगों ने जान गंवाई। वहीं गिरिडीह और हजारीबाग में भी वज्रपात की घटनाओं में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। रामगढ़ के पतरातू प्रखंड में वज्रपात ने तीन लोगों की जान ले ली। सांकुल गांव में खेत में काम कर रही रेखा देवी (48) और उनकी बेटी रोशनी कुमारी (22) अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं लाताड़ पंचायत के पलानी गांव में खेत में काम कर रही सुलेखा देवी उर्फ सुशांति (30) की भी वज्रपात से मौत हो गई। इसके अलावा दोहाकात पंचायत के पारलोलो टोला की रहने वाली प्रमिला देवी (32) की भी बिजली गिरने से जान चली गई। उधर, गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड में दीपिका नाम की एक बच्ची की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र में भी एक बच्ची की आकाशीय बिजली गिरने से मौत होने की सूचना है।
अगले पांच दिन सक्रिय रहेगा मानसून
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र के अनुसार, झारखंड में अगले पांच दिनों तक मानसून सक्रिय बना रहेगा। 4 से 6 अगस्त के बीच राज्य के कई जिलों में 65 से 115 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
6 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 5 अगस्त को भारी बारिश का असर उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के जिलों में अधिक रहने की संभावना है। वहीं 6 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में फिर से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इस दिन पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Lightning IMD Monsoon