logo

झारखंड में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

झारखंड में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

रांची:
रांची में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने अति गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है और अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गुरुवार को रांची समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सिस्टम के प्रभाव से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

रांची में 57.8 मिमी बारिश, तापमान 6 डिग्री गिरा
बारिश के कारण बुधवार को रांची के अधिकतम तापमान में एक दिन के मुकाबले करीब 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में रांची में 57.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान बोकारो में 37.4 मिमी, जमशेदपुर में 16.8 मिमी, खूंटी में 34.0 मिमी, लातेहार में 24.5 मिमी और सरायकेला में 29.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।

गुरुवार और शुक्रवार को भी रहेगा सिस्टम का असर
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बुधवार को दक्षिणी झारखंड के कोल्हान, रांची, खूंटी, गुमला और सिमडेगा समेत अधिकांश जिलों में बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम गुरुवार और शुक्रवार को भी झारखंड को प्रभावित करेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार की रात यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी से सटे ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इसके प्रभाव से गुरुवार को रांची में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।

बारिश से मानसून की स्थिति में आंशिक सुधार
लगातार हो रही बारिश से झारखंड में मानसून की स्थिति में आंशिक सुधार की उम्मीद है। राज्य में अब तक 900.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य 977.3 मिमी के मुकाबले करीब 8 फीसदी कम है। वहीं, रांची में अब तक 1084.9 मिमी बारिश हुई है। सामान्य बारिश 995.9 मिमी के मुकाबले राजधानी में करीब 9 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में होने वाली बारिश से राज्य में मानसून की स्थिति में और सुधार हो सकता है।

Tags - Jamtara News Shaharbeda Road The Followup Impact Road Construction Jharkhand News