द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एसोसिएट प्रोफेसर के 65 पदों पर भर्ती होने जा रही है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने इसके लिए विज्ञापन जारी किया है। कुल पदों में 53 सामान्य रिक्तियां और 12 बैकलॉग पद शामिल हैं। भर्ती संविदा के आधार पर होगी। इसमें SNMMCH धनबाद, MGM मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज पलामू और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग शामिल हैं। 53 सामान्य पदों में अनारक्षित वर्ग के 35, एसटी के 9, एससी के 4, पिछड़ा वर्ग के 4 और EWS के 1 पद हैं। वहीं 12 बैकलॉग पदों में एसटी के 3, एससी के 4, पिछड़ा-I के 4 और पिछड़ा-II के 1 पद शामिल हैं।
.jpeg)
मेडिसिन में सबसे ज्यादा 9 पद, एनेस्थीसिया में 7 पद
सामान्य रिक्तियों में मेडिसिन के सबसे ज्यादा 9 पद हैं। रेडियोलॉजी में 6, रेडियोथेरेपी में 5, जबकि एनाटॉमी, ऑप्थेल्मोलॉजी और एनेस्थीसिया में 4-4 पद हैं। पैथोलॉजी, सर्जरी और डर्मेटोलॉजी में 3-3 पद हैं। फिजियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ENT और फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 2-2 पद हैं। बायोकेमिस्ट्री, पीडियाट्रिक्स, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी और TB एंड चेस्ट में एक-एक पद है। बैकलॉग पदों में माइक्रोबायोलॉजी और फार्माकोलॉजी में 1-1, PSM यानी कम्युनिटी मेडिसिन में 2, ऑप्थेल्मोलॉजी में 1, एनेस्थीसिया में 3, साइकियाट्री में 2 और डेंटिस्ट्री में 2 पद हैं।

हर महीने 2 लाख रुपये मानदेय
चयनित एसोसिएट प्रोफेसर को हर महीने 2 लाख रुपये का फिक्स्ड मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा अलग से कोई भत्ता या अन्य सुविधा नहीं मिलेगी। नियुक्ति अधिकतम दो साल के लिए होगी। नियमित नियुक्ति या प्रमोशन होने की स्थिति में संविदा नियुक्ति इससे पहले भी समाप्त की जा सकती है। काम संतोषजनक रहने और वित्त विभाग की मंजूरी मिलने पर सेवा अवधि को एक-एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 70 साल निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों के पास MCI/NMC के नियमों के अनुसार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और जरूरी अनुभव होना चाहिए। चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा।

21 सितंबर को RIMS रांची में होगा वॉक-इन इंटरव्यू
एसोसिएट प्रोफेसर के इन पदों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 21 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे RIMS रांची के प्रशासनिक भवन में आयोजित किया जाएगा। उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर लाना होगा। इसके साथ मूल प्रमाण पत्र, शैक्षणिक और अनुभव प्रमाण पत्रों की सेल्फ-अटेस्टेड फोटो कॉपी, जाति प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो भी लानी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जरूरत के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।