logo

झारखंड कांग्रेस प्रभारी का विधायकों को निर्देश, लोकसभा चुनाव पर लगाएं ध्यान; जीत से कम कुछ भी मंजूर नहीं

ुहतोस2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर दो दिवसीय दौरे पर रांची आए हुए हैं। गुरुवार की रात सर्किट हाउस में प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर की कांग्रेस विधायकों के साथ अनौपचारिक बैठक हुई। इस बैठक में राज्य की राजनीतिक गतिविधियों, आसन्न लोकसभा और राज्यसभा चुनाव और संगठन सशक्तिकरण को लेकर चर्चा की गई। वहीं स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि प्रदेश प्रभारी के मार्ग निर्देशन में झारखंड में पार्टी मजबूत हुई है और आगे और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी और पार्टी आलाकमान के निर्देशों का पालन किया जाएगा। गठबंधन और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मजबूती से प्रचार-प्रसार करने और उनकी जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई। पार्टी में सभी को एकजुट होकर खड़े रहने और केंद्र में गठबंधन की सरकार बनाने के लिए अपना योगदान देने को कहा गया। 


भाजपा को उखाड़ फेंकना है
गुलाम अहमद मीर ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार को जनता इस बार सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। भाजपा कई तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगी। पार्टी के विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में पार्टी व गठबंधन की प्रत्याशी को मजबूती प्रदान करें। राज्य सरकार की ओर से किए गए कामों को प्रसारित करें और राहुल गांधी के विचारों व पार्टी की नीतियों से भी लोगों को अवगत कराएं। सांसद गीता कोड़ा के कांग्रेस छोड़ने का भी मामला बैठक में उठा। स पर प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि पिछले कई महीने से ही स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी थी, अब पिक्चर क्लियर हो गया है। उनके जाने से पार्टी को कोई दिक्कत नहीं होगी। जनता इस पर अपना फैसला सुनाएगी।


झारखंड PAC की बैठक
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि शुक्रवार 1 मार्च को पूर्वाह्न 11.30 बजे से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी की उपस्थिति में झारखंड पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक होगी। इस बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष रहीं सांसद गीता कोड़ा के BJP में शामिल होने के बाद कोल्हान और खासकर सिंहभूम लोकसभा सीट की स्थिति पर चर्चा होगी। इसके साथ साथ राज्य में इंडि गठबंधन को लेकर भी विस्तार से चर्चा होगी। 


परिसदन में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे 
प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर रांची के कचहरी रोड स्थित परिसदन में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात भी करेंगे। गीता कोड़ा के भाजपा में शामिल होने और तीन कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष के दिल्ली में केसी वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद पहली बार रांची आगमन को लेकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी का इस बार का रांची प्रवास बेहद महत्वपूर्ण होगा।