द फॉलोअप डेस्क
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पूरे देश में अत्यंत श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मना रही है। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और विचारों को विद्यार्थियों तथा समाज के समक्ष व्यापक रूप से पहुँचाने हेतु अभाविप वर्ष भर विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में अभाविप द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के निमित्त भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू (खूंटी) से देहरादून (उत्तराखंड) तक भगवान बिरसा संदेश यात्रा निकाली जा रही है, जो प्रातः प्रारम्भ हुई थी।

यात्रा प्रातः रांची से प्रारम्भ होकर बेड़ो में स्वागत के साथ आगे बढ़ी, जिसके पश्चात गुमला में भव्य स्वागत एवं मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगे बढ़ते हुए यात्रा लोहरदगा पहुँची, जहाँ स्वागत उपरांत रात्रि विश्राम किया गया। गुमला में यात्रा के आगमन पर शहर के प्रमुख मार्गों- सिसई रोड, थाना चौक, पटेल चौक, टावर चौक—पर सामाजिक संगठनों, मारवाड़ी समाज, विभिन्न विद्यालयों एवं छात्र-समूहों द्वारा यात्रा का उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। बाइक रैली के साथ नगर भ्रमण के दौरान गुरुकुल एकेडमी, कंप्यूटर सेंटर हबनेट, सबरी आश्रम की छात्राएँ तथा के.ओ. कॉलेज के छात्रों ने भी यात्रा का हार्दिक स्वागत किया।

यात्रा जब कार्तिक उरांव महाविद्यालय पहुँची तो छात्रों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, त्याग एवं संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए यात्रा का अभिनंदन किया। सामाजिक कार्यकर्ता श्री देवेंद्र राव ने झारखंड के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए छात्रों से भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को सदैव स्मरण रखने का आह्वान किया। अभाविप की पूर्व राष्ट्रीय मंत्री विनीता इंदवार ने भगवान बिरसा मुंडा एवं झारखंड के अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर भाषण दिया।

अभाविप झारखंड प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री श्री नीलेश कटारे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा एक ऐसे क्रांतिकारी योद्धा थे जिन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया और उनकी प्रेरणा आज भी राष्ट्र की युवा शक्ति को दिशा देती है। यह यात्रा जनमानस एवं छात्र-शक्ति में बिरसा मुंडा के गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित करने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में गुमला नगर अध्यक्ष मनोज सर, नगर मंत्री ज्योतिष राम, कॉलेज इकाई मंत्री आलोक प्रजापति तथा सपना तोपो, नवीन कुमार, सनी कुमार, मृणाल केसरी, केशव बड़ाईक, रोमा कुमारी, सोनू खड़िया, विष्णु सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
