logo

झारखंड में भाजपा का सरकार पर हमला, गजेंद्र पटेल ने भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

झारखंड में भाजपा का सरकार पर हमला, गजेंद्र पटेल ने भ्रष्टाचार, घुसपैठ और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

द फॉलोअप डेस्क: 

Jharkhand News: झारखंड भाजपा (Jharkhand BJP) के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह भाजपा (BJP) के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल (Gajendra Singh Patel) ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता (Press Conference) में झारखंड सरकार के कामकाज और नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, छात्रों से जुड़े मुद्दों और राज्य में घुसपैठ समेत कई मामलों को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया। अपने दो दिवसीय दौरे के अनुभव साझा करते हुए श्री पटेल ने कहा कि इस दौरान जिन लोगों से वे मिले और जो जानकारी उन्हें मिली, उससे यह समझ में आ गया कि राज्य की स्थिति बहुत ही विकट है। झारखंड में यह प्रदेश प्रभारी के रूप में उनकी पहली प्रेस वार्ता थी। उन्होंने कहा कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में सत्ता में है, लेकिन विकास के नाम पर जनता को केवल निराशा मिली है। इन दलों के घोषणा पत्रों के सभी वादे झूठे साबित हुए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सरकार विफल रही है। राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, किसान और युवा सभी वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जबकि झारखंड की सरकार में शामिल दलों ने भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाने का काम किया है। अब यह समाज सब कुछ समझ चुका है और इस बार इन दलों के बहकावे में नहीं आने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। बालू, कोयला, पत्थर और खनिज संपदाओं की लूट-खसोट के साथ DMFT फंड की लूट जारी है। जल, जंगल और जमीन की खुलेआम लूट हो रही है। इस कारण सरकार और सरकार के मुखिया कठघरे में हैं। भाजपा ने सरकार की इस लूट-खसोट का सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध किया है।

युवा मुद्दों से कानून व्यवस्था तक सरकार को घेरा

प्रदेश प्रभारी ने छात्रों द्वारा हाल ही में किए गए बड़े आंदोलन का जिक्र करते हुए राज्य सरकार को छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नौकरी भर्ती में खुलेआम पैसों का लेन-देन हुआ। JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही, PGT सहित कई परीक्षाएं विवादों में रही हैं। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी ने लाखों युवाओं के भविष्य को रौंदने का काम किया है। युवाओं ने सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया तो उनके साथ अत्याचार किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से काफी नाराज हैं। उन्होंने झारखंड में लंबे समय से जारी घुसपैठ के मामलों को लेकर भी हेमंत सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इसे रोकने के बजाय बढ़ावा देने में जुटी हुई है। इस मुद्दे पर बार-बार सरकार को सचेत और अवगत कराया गया, लेकिन सरकार हमेशा इसे अनसुना करती रही। सरकारी तंत्र कार्रवाई के बजाय घुसपैठियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से मदद पहुंचाने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और जुड़े हुए अवांछित मतदाताओं को सूची से हटाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में कारगर कदम उठाया, लेकिन SIR जैसी पारदर्शी प्रक्रिया का भी यह सरकार विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रम फैलाकर और आदिवासी समाज को गुमराह करके विद्रोह करवाने का प्रयास कर रही है, जो अनुचित है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी मंशा में सफल नहीं होगी। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में भय का माहौल है और अपराधी बेखौफ हैं। हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी खुलेआम हो रही है। सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को तहस-नहस करके छोड़ दिया है।

7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन

उन्होंने कहा कि पूरे देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 70 प्रतिशत से अधिक भाग पर भाजपा सरकार में है। जहां भाजपा शासित राज्य हैं, वहां विकास और सुशासन का काम काफी बेहतर ढंग से हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 साल के जन्मोत्सव का कार्य चल रहा है और 7 अक्टूबर को उनके सेवा काल के 25 साल पूरे हो जाएंगे। 750 जिलों के मुख्यालय में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा का मुख्य संकल्प सेवा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री अपने संबोधन के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 7 अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में झारखंड को भी विकसित बनाया जाएगा। श्री पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करते हुए जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। पार्टी प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े विषयों और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार जनता के बीच जाती रही है और आगे भी जाएगी। जनता के सवालों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।
 

Tags - Jharkhand BJP Gajendra Singh Patel Jharkhand BJP State Incharge Gajendra Singh Patel Press Conference Jharkhand Politics