द फॉलोअप डेस्क:
Jharkhand News: जामताड़ा (Jamtara) जिले के करमाटांड़ (Karmatand) थाना क्षेत्र स्थित रामपुर भीठरा गांव (Rampur Bhithra Village) में 30 वर्षीय महिला की हत्या (Murder) की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जिस मामले को अब तक अज्ञात अपराध माना जा रहा था, वह दरअसल ऑनर किलिंग (इज्जत के नाम पर हत्या) (Honor Killing) का मामला निकला। आरोप है कि अपनी तथाकथित इज्जत और शान की खातिर एक पिता ने ही अपनी सगी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। मामला तब सामने आया, जब 8 अक्टूबर को रामपुर भीठरा गांव के एक खेत से महिला का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। शव मिलने के बाद चौकीदार परमेश्वर टूरी के आवेदन पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 80/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

दो दिनों में हुई मृतका की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने दो दिनों के भीतर मृतका की पहचान गांव की ही शीला देवी (30) के रूप में की। जांच के दौरान मिले ठोस साक्ष्यों और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पिता देवेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

इज्जत के नाम पर बेटी की हत्या
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी देवेंद्र सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसे अपनी बेटी के आचरण पर शक था। समाज में अपनी तथाकथित आन-बान-शान और इज्जत बरकरार रखने के लिए उसने 5 अक्टूबर की रात को ही अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपी ने खेत में गड्ढा खोदा और धान की जड़ों के नीचे शव को गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।