द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव के जंगल में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी है। दोनों को घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को देर शाम गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उन्होंने बताया था कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार मरीन ड्राइव के जंगल में छिपाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम दोनों को लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची थी।

जवान की पिस्टल छीनकर पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस का कहना है कि जंगल में पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों ने मौका देखकर एक पुलिस जवान की कमर से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की गोली लगने से मोहन यादव और अजीत मंडल घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।पुलिसकर्मियों ने दोनों को काबू में लेने के बाद इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्टल भी बरामद की हैं।

बिंदल मॉल रेस्टोरेंट में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव के जंगल की घेराबंदी कर दी गई। सिटी एसपी ललित मीणा, डीएसपी और सोनारी थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में तीन अपराधी बाइक से पहुंचे थे। इनमें से दो अंदर गए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी।
.jpeg)
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की थी। इस मामले में एक साजिशकर्ता को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की कार्रवाई में मोहन यादव और अजीत मंडल पकड़े गए। अब पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से मिले और फायरिंग की पूरी साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे। सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अपराधियों के नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।