logo

हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर में मशाल जुलूस, 3 जुलाई के बंद को सफल बनाने की अपील

masal_julus.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर के बिष्टुपुर में डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में भाजपा एवं जदयू से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा 3 जुलाई को आहूत जमशेदपुर बंद के समर्थन में गुरुवार शाम शहर के विभिन्न इलाकों में मशाल जुलूस निकाला गया। बिष्टुपुर में विधायक सरयू राय अपने समर्थकों के साथ मशाल जुलूस में शामिल हुए। वहीं भाजपा की ओर से शहर के सभी मंडलों में अलग-अलग स्थानों पर मशाल जुलूस निकालकर लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई।

अपराधियों के हौसले बुलंद

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के नेतृत्व में सीतारामडेरा से भी मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान सरयू राय और पूर्णिमा साहू ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नेताओं ने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था की मांग को लेकर 3 जुलाई का बंद बुलाया गया है। उन्होंने नागरिकों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद का समर्थन करने और इसे सफल बनाने की अपील की।

Tags - Himanshu Singh Murder Law and Order Crime in Jamshedpur Protest March