logo

जेल अधीक्षक ने छवि रंजन और प्रेम प्रकाश की मुलाकात पर दी सफाई, कहा- निलंबित IAS ने ही जताई थी मुलाकत की इच्छा

जेल अधीक्षक ने छवि रंजन और प्रेम प्रकाश की मुलाकात पर दी सफाई, कहा- निलंबित IAS ने ही जताई थी मुलाकत की इच्छा

द फॉलोअप डेस्कः 
होटवार जेल से खबर सामने निकलकर आई थी कि रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन और पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश जेल के अंदर मुलाकात कर रहे हैं और घंटों एक दूसरे से बैठकर बातचीत कर रहे हैं। ईडी जब इस बात की सूचना पर सोमवार को  सीसीटीवी खंगालने होटवार जेल पहुंची तो फुटेज देखकर पता चला कि छवि रंजन और प्रेम प्रकाश ने 5 मई की शाम वीआईपी वार्ड में करीब 1 घंटे तक एक-दूसरे से बातचीत की थी। दोनों की मुलाकात को लेकर जेल प्रशासन की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा था। इस मुलाकात को लेकर जेल अधीक्षक से जब ईडी ने सवाल किया तो, उन्होंने अपना पक्ष रखा है और ईडी को बताया कि दरअसल छवि रंजन ने गिरफ्तार होने के बाद प्रेम प्रकाश से मिलने की इच्छा जताई थी और दोनों की मुलाकात जेल अधीक्षक की अनुमति से हुई थी। जेल अधीक्षक ने ईडी के अधिकारियों को यह बात लिख कर दी है।


रात 8 बजे तक खुला रहता है अपर डिवीजन कैदियों का वार्ड  
जेल अधीक्षक ने ईडी के सामने यह दावा भी किया है कि इस मुलाकात में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। नियमों को ताक पर रखकर कुछ नहीं किया गया है। जेल अधीक्षक ने यह भी बताया कि जब छवि रंजन ने प्रेम प्रकाश से मिलने की इच्छा जताई थी, तो प्रेम प्रकाश से सहमति ली। दोनों की सहमति के बाद ही यह मुलाकात कराई गयी थी। जेल अधीक्षक ने यह भी कहा है कि कैदियों के सामान्य वार्ड शाम 6 बजे तक और अपर डिवीजन कैदियों का वार्ड रात 8 बजे तक खुला रहता है। जेल अधीक्षक की अनुमति से कैदी एक दूसरे से मिल सकते हैं। इन दोनों की मुलाकात जेल अधीक्षक के आदेश पर हुई थी। हालांकि जेल प्रशासन ने इन दावों का कोई कागजी सबूत नहीं दिया है। बता दें कि ईडी की पूछताछ में रांची के छवि रंजन ने प्रेम प्रकाश तो पहचानने से इनकार किया था। जेल जाते ही उन्हें प्रेम प्रकाश से मिलने की इच्छा हुई और जेल में इन दोनों की मुलाकात कराई गयी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT