logo

झारखंड में आज से 3 दिनों तक हो सकती है वर्षा, भारी बारिश और वज्रपात को लेकर सावधान रहने की अपील

वोीगेप34.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में एक बार फिर सक्रिय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर पड़ गया था, लेकिन 9 सितंबर को हुई रिमझिम वर्षा ने राहत दी है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 10 और 11 सितंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट और 12 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। रांची सहित राज्य के अधिकांश जिलों में 10 सितंबर से भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही कई क्षेत्रों में वज्रपात की भी आशंका है। इसलिए मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। 


मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र 8 किमी प्रति घंटे की गति से बढ़ते हुए सोमवार की देर शाम ओडिशा तट को पार कर गया। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश और तेज हवाएं शुरू हो गई हैं। राज्य के गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश की संभावना है, रांची में सोमवार को पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही। सुबह हल्की बारिश और बादल छाए रहे, जबकि दोपहर में थोड़ी धूप निकली। शाम तक तेज बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में रांची सहित झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट आई है। 


मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड में सबसे अधिक उच्चतम तापमान गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेंटीग्रेड रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड में अगले 2-3 दिन में अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद 2 दिन तक इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। राजधानी रांची के मौसम की बात करें, तो मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे. दो बार या उससे अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड रहने का अनुमान है।