गढ़वा
गढ़वा में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पलामू सांसद बीडी राम ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही सड़क मार्ग को अलग-अलग जिलों में बांटना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि सड़कों को भी जिलों के आधार पर अलग किया जा रहा है. बता दें गढ़वा शहर के टंडवा चौक से बिखही मोड़ तक सड़क जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास रविवार को किया गया. यह सड़क गढ़वा और पलामू जिले की सीमा को जोड़ती है. करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लगभग 13 किलोमीटर लंबी है. शिलान्यास कार्यक्रम में पलामू सांसद बीडी राम और गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की.
गढ़वा में हुआ शिलान्यास पलामू में बाकी: बीडी राम
इस मौके पर सांसद बीडी राम ने कहा कि सड़क के जीर्णोद्धार की मांग दिशा की बैठक में स्थानीय विधायक द्वारा उठाई गई थी, जिसके बाद अब इसका शिलान्यास किया गया है। उन्होंने बताया कि यह सड़क कुल 35 किलोमीटर लंबी है, जो पलामू और गढ़वा को जोड़ती है. फिलहाल गढ़वा क्षेत्र में आने वाले हिस्से का शिलान्यास किया गया है, जबकि पलामू जिले में पड़ने वाले हिस्से का शिलान्यास दो-तीन दिनों बाद किया जाएगा.

यह सड़क पलामू सांसद की बड़ी पहल: विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी
सांसद ने कहा कि सड़क को अलग-अलग जिलों में बांटकर अलग शिलान्यास करना समझ से परे है. इससे सरकार को क्या लाभ या नुकसान होगा, यह समझना मुश्किल है. वहीं विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि पलामू सांसद की यह बड़ी पहल है, जिससे गढ़वा क्षेत्र की सड़कों को मजबूती मिल रही है. उन्होंने कहा कि बाईपास सड़क, जो हर चुनाव में बड़ा मुद्दा बनती थी, उसे भी सांसद बीडी राम ने पूरा कराया. विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सांसद का काम खुद बोलता है.
.jpeg)