logo

ऑनलाइन गेमिंग में कर्जदार IRB जवान निकला हत्यारा, पुलिस ने किया खुलासा; 3 गिरफ्तार

साहिबगंज.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के तालबन्ना निवासी विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता से लूटपाट के दौरान हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को साहिबगंज पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के चचेरे पोते (सुमित कुमार गुप्ता), IRB के एक अन्य जवान (अमन कुमार जयसवाल) और एक साइबर अपराधी (सोहित कुमार राउत) सहित कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। हत्या की मुख्य वजह चौंकाने वाली है, जो ऑनलाइन गेमिंग में डूबे कर्ज से जुड़ी हुई है।
पूरा मामला
कुछ दिन पहले देर रात विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता की हत्या और उनके घर में लूटपाट की सूचना मिलने के बाद, नगर थाना प्रभारी ने तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित किया। मृतक की पुत्री ज्योति कुमारी गुप्ता के बयान के आधार पर नगर थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामानों की बरामदगी के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया।
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेसिंक टीम, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम की मदद से छानबीन शुरू की, जहाँ मृतक के कमरे से सोने के जेवर, नकदी और बैंक संबंधित कागजात गायब मिले थे।
पुलिस को इस मामले में सबसे बड़ी सफलता तकनीकी जांच के जरिये मिली। तकनीकी टीम की मदद से दुमका जिले के जरमुण्डी निवासी साइबर अपराधी सोहित कुमार राउत को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सोहित ने बताया कि तालबन्ना निवासी सुमित कुमार गुप्ता ने ही उसे मृतक के दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और बैंक संबंधित दस्तावेज दिए थे, ताकि वह खाते से पैसा निकाल सके। सोहित के खुलासे के आधार पर, पुलिस ने मुख्य अभियुक्त सुमित कुमार गुप्ता को उसके घर से दबोच लिया, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
सुमित ने बताया कि उसने IRB-8 के जवान अमन कुमार जयसवाल के साथ मिलकर अपने चचेरे दादा विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता के घर लूटपाट की और उनकी हत्या कर दी। सुमित कुमार गुप्ता, जो स्वयं 2019 में IRB में सिपाही के पद पर नियुक्त हुआ था, दमन (Daman) नाम के ऑनलाइन गेमिंग का आदी था, जिस कारण उस पर लगभग 50 लाख रुपये का कर्ज बन गया था। इस कर्ज को चुकाने के लिए उसने अपने दादा को निशाना बनाया, जिन्हें हाल ही में पैतृक संपत्ति की बिक्री से बड़ी रकम मिली थी।

ये सामान हुए बरामद

पुलिस ने तीनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद लूटे गए सभी सामान बरामद कर लिए। पुलिस ने कुल 1,24,000 रुपए नकद, सोने की अंगूठियां और मंगलसूत्र, मृतक के सभी बैंक दस्तावेज और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा, घटना में इस्तेमाल अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस को साहेबगंज स्थित मालगोदाम के पास जमीन में गड़ा हुआ बरामद कर लिया। पुलिस ने अवैध पिस्टल बरामदगी के बाद नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मामला भी दर्ज कराया है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar sahebganj news sahebganj khabar crime news crime khabar