logo

गृहकलेश मिटाने तांत्रिक के पास गए थे, उसने जमीन हड़प कर दूसरे को बेच दी

ोोूो.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राजस्थान के जोधपुर जिले के भोपालगढ़ निवासी एक तांत्रिक पिता-पुत्र ने एक परिवार का गृह क्लेश मिटाने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी कर ली। गृह क्लेश खत्म करने का झांसा देकर परिवार को इतना डराया कि परिवार का मुखिया उनके इशारों पर चलने लगा। इसी का फायदा उठाते हुए शातिर पिता-पुत्र ने उस परिवार की पूरी प्रॉपर्टी, मकान, भूखंड इत्यादि अपने नाम करवा ली। पीड़ित की पत्नी ने थाने में ठग तांत्रिकों के खिलाफ साजिश रचकर करोड़ों की प्रॉपर्टी हड़पने का मामला सोमवार को दर्ज कराया है। 


पीड़ित की पत्नी सुषमा देवड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराया है। इसमें बताया गया है कि उसके पति चेतनराम के पारिवारिक कलह के कारण क्षेत्र में ही जादू-टोने करने वाले कालू खां से मिले थे। इस पर कालू खां और उसके बेटे अब्दुल कादिर ने चेतनराम को अपने झांसे में लेकर बताया कि उस पर जो भी कष्ट आया हुआ है, वो देवड़ा की प्रॉपर्टी के कारण है। आरोपियों ने भय दिखाते हुए कष्ट का निवारण करने के लिए चेतनराम को दोनों प्रॉपर्टी आरोपियों के नाम करने को कहा। साथ ही आरोपियों ने दोनों प्रॉपर्टी को कुछ समय बाद वापस चेतनराम के नाम कराने का भरोसा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी तांत्रिक की वजह से उसके पति की मानसिक हालत काफी खराब हो चुकी है और वह सोचने-समझने की स्थिति में ही नहीं है। 



आरोपियों ने चेतनराम को भोपालगढ़ उप पंजीयक कार्यालय ले जाकर नाडसर चौराहा पर 4905.92 वर्गफुट की प्रॉप्रटी का 24,90,367 रुपए का बेचाननामा बनवाकर 13 अक्टूबर 2023 को खुद के नाम करवा ली। जबकि, चेतनराम को कोई राशि नहीं दी गई। इसी तरह, चेतनराम की दूसरी प्रॉपर्टी 1297 वर्ग फुट का मकान भी 29 सितंबर 2023 को अपने नाम करवा ली थी। इस प्रॉपर्टी की बाजार कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा की है। 

प्रॉपर्टी नाम करने के बाद भी परिवादी के घर में क्लेश खत्म नहीं हुआ, तो चेतनराम ने तांत्रिक पिता-पुत्र से बात कर प्रॉपर्टी वापस उसके नाम करने को कहा। आरोपियों ने चेतनराम को डराते हुए कहा कि ऐसा किया, तो तुम्हारे घर पर परिवार के सदस्य की मौत हो सकती है। साथ ही कहा कि परिवार पर किसी ने भयंकर टोटका कर रखा है और ऐसा करने वाला पूरी संपत्ति हड़पना चाहता है। इसके बाद आरोपियों ने वो प्रॉप्रटी किसी ओर को बेच दी।

शातिरों ने चेतनराम की संपत्ति नाडसर जलवाणियों का बास निवासी बीरबल जाट और बारनी खुर्द निवासी रामकिशोर को लगभग 25 लाख में बेच दी। प्रॉपर्टी बेचने से मिली राशि खुद के पास और बाद में अपने बेटे के पास होने की बात कहते हुए कुछ समय बाद लौटाने की बात भी कही। इसके बाद आरोपी कालू खां ने कहा कि रुपए तो अब्दुल कादिर लेकर भाग गया है।

Tags - Rajasthan News Rajasthan Latest News Rajasthan News Rajasthan Jodhpur