जमशेदपुर:
Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र में भरोसे और रिश्ते को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां आठ वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण का आरोप उसके मुंहबोले मामा पर लगा है। आरोप है कि कदमा भटिया बस्ती निवासी कृष्णा सिक्का गुरुवार रात बच्ची को चॉकलेट और चिप्स दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया था। करीब 45 मिनट बाद बच्ची जब घर लौटी तो रो रही थी। परिजनों के पूछने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। बच्ची ने यह भी बताया कि आरोपी ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। मां की लिखित शिकायत पर उलीडीह पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

चॉकलेट और चिप्स दिलाने के बहाने ले गया साथ
बच्ची की मां के अनुसार, वह पहले कदमा में रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान कृष्णा सिक्का से हुई थी। आरोपी का परिवार से परिचय था और बच्ची उसे मुंहबोला मामा कहती थी। गुरुवार रात करीब 10 बजे कृष्णा उनके घर पहुंचा और बच्ची को चॉकलेट व चिप्स दिलाने की बात कहकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। करीब 20 मिनट बाद परिजनों ने आरोपी को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। लगभग 45 मिनट बाद बच्ची घर लौटी तो रो रही थी। परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। मां का आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत करने पहुंची मां के साथ गाली-गलौज का आरोप
बच्ची से घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह उसकी मां आरोपी के घर पहुंची और उससे इस संबंध में जवाब मांगा। आरोप है कि इस दौरान कृष्णा सिक्का ने महिला के साथ गाली-गलौज की और धमकी देकर भगा दिया। इसके बाद महिला परिजनों के साथ शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची। वहां से उसे उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। बाद में महिला ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस आरोपी से कर रही पूछताछ
उलीडीह थाना प्रभारी सारिक अली के अनुसार, आठ वर्षीय बच्ची के यौन शोषण की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।