logo

गढ़वा : लकड़ी चुनने गई दो बच्चियां तालाब में डूबी, गांव में पसरा मातम

garwah_pond.jpg

​गढ़वा
गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंबा गांव स्थित अकेलवा तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. बुधवार सुबह तालाब में दोनों बच्चियों का शव मिलने के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. मिली जानकारी के अनुसार, पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर राम की 10 वर्षीय पुत्री रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे घर से बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने निकली थीं. देर शाम तक दोनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. इसके बाद रातभर ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
बच्चों ने शव को तालाब में तैरते देखा
बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चे शौच के लिए तालाब किनारे पहुंचे. इसी दौरान उन्होंने अकेलवा तालाब में दो शव तैरते हुए देखे. यह दृश्य देखते ही बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए. घटना की सूचना मिलते ही नगर उंटारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

बच्चियां नहाने गई तालाब और गहराई में डूब गई
ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने आई थीं. भीषण गर्मी के कारण वे तालाब में नहाने उतर गई, लेकिन उन्हें तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं था. नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चली गई और डूब गई. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस तालाब में डूबने से कई लोगों की मौत हो चुकी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, घेराबंदी कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

Tags - Garhwa pond accident Two girls drowned in pond Nagar Untari pond tragedy Children drowned in pond Garhwa district news