गुमला
गुमला जिले में नशा के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र के थिएटर मैदान के पास चार युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक थिएटर मैदान के समीप बैठकर नशा का सेवन कर रहे हैं और उनके पास ब्राउन शुगर भी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम का नेतृत्व सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव और सदर थाना प्रभारी विनय कुमार ने किया। इस टीम में सदर अंचल अधिकारी हरीश कुमार भी शामिल थे।
.jpg)
समाज और अभिभावकों की भूमिका भी बेहद जरूरी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और जब संदिग्ध स्थान की जांच की गई तो वहां चार युवक नशे की हालत में पाए गए। इन युवकों से पुलिस ने जब तलाशी ली तो पर उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले को लेकर जानकारी देते हुए SDPO सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि गुमला जिले में युवाओं के बीच नशे का चलन बढ़ता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसमें समाज और अभिभावकों की भूमिका भी बेहद जरूरी है। अगर समय रहते जागरूकता और निगरानी की जाए तो युवाओं को इस दलदल में जाने से रोका जा सकता है। वहीं, सदर थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि लगातार कार्रवाई के बावजूद नशाखोरी के मामले सामने आ रहे हैं।
.jpg)
पढ़ने-लिखने वाले युवा भी नशे की लत में फंसते जा रहे
उन्होंने कहा कि कई पढ़ने-लिखने वाले युवा भी नशे की लत में फंसते जा रहे हैं और कुछ लोग इसके खरीद-बिक्री में भी शामिल पाए जा रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। गुमला पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि नशा के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्कूल और कॉलेज के युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखा जा सके।