हजारीबाग
पेट पालने के लिए दूसरे प्रदेश से झारखंड आए बृजेश कुमार को क्या पता था कि कुछ मिनटों की लापरवाही उनकी महीनों की कमाई पर भारी पड़ जाएगी। आइसक्रीम मांगने के बहाने आए तीन युवकों ने ऐसा खेल खेला कि उनका मोबाइल और उसमें रखा पैसा लेकर फरार हो गए। अब बृजेश कुमार अपना मोबाइल वापस पाने की उम्मीद में थाने का चक्कर लगा रहे हैं। मामला 3 जून का है जब हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र अंतर्गत झील रोड पर बृजेश कुमार आइसक्रीम बेचने में व्यस्त थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे। युवकों ने उनसे आइसक्रीम के बारे में पूछताछ की और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर बृजेश कुमार का मोबाइल उठा लिया और तीनों बाइक से फरार हो गए।

एक झटके में 16 हजार रुपये का नुकसान
बृजेश कुमार के अनुसार चोरी हुआ मोबाइल करीब 14 हजार रुपये का था। इतना ही नहीं, मोबाइल के पीछे लगे कवर में उन्होंने दो हजार रुपये नकद भी रखे थे। यानी एक झटके में 16 हजार रुपये का नुकसान हो गया। दूसरे प्रदेश से आकर मेहनत-मजदूरी करने वाले बृजेश कुमार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। दिनभर की कमाई से किसी तरह परिवार का गुजारा चलता है। ऐसे में मोबाइल चोरी होना उनके लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। घटना के बाद से बृजेश कुमार लगातार थाने का चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस उनकी शिकायत पर कार्रवाई करेगी और उनका मोबाइल बरामद हो सकेगा। फिलहाल उनकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई और इंसाफ की आस पर टिकी हुई हैं। मेहनत की कमाई से खरीदा गया मोबाइल और उसमें रखा पैसा खोने का दर्द वही समझ सकता है जिसने पाई-पाई जोड़कर उसे खरीदा हो। अब देखना होगा कि बृजेश कुमार की उम्मीद कब पूरी होती है और उन्हें उनका खोया सामान वापस मिल पाता है या नहीं।
.jpeg)