रामगढ़
रामगढ़ जिला में होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। महानिदेशक सह महासमादेषष्ठ गृह रक्षा वाहिनी द्वारा 8 जुलाई 2025 को सभी जिला होमगार्ड कार्यालयों को भेजे गए आदेश में 16 जिलों में कुल 8864 पदों पर नियुक्ति की स्वीकृति दी गई थी, जिसमें रामगढ़ जिला के लिए 282 सीटें निर्धारित की गई थीं। इसके बावजूद बीते छह महीनों से रामगढ़ में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
छात्रों का कहना है कि होमगार्ड बहाली को लेकर वे लगातार शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। इस दौरान ज्ञापन सौंपे गए, हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और जनप्रतिनिधियों से कई बार मुलाकात की गई, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे जिले के बेरोजगार युवाओं में निराशा और गुस्सा बढ़ता जा रहा है।

छात्रों ने सवाल उठाया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक जिला होने के बावजूद रामगढ़ में नियुक्ति प्रक्रिया लंबित है, जबकि अन्य जिलों में बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। उनका कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है।
छात्रों ने सरकार और जिला प्रशासन से अविलंब होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया की तिथि घोषित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
