रांची:
जमीन घोटाला केस में रांची के होटवार जेल में बंद निलंबित आईएएस छवि रंजन की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी। छवि रंजन ने अदालत में यह कहते हुए डिफॉल्ट याचिका दाखिल की थी कि मामले में ईडी ने सही समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं किया। छवि रंजन की ओर से तर्क दिया गया था कि जांच अधूरी है जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी की बेंच ने इस तर्क को खारिज करते हुए जमानत देने से इनकार करते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी।

पीएमएलए कोर्ट के आदेश को दी थी चुनौती
रिपोर्ट्स के मुताबिक छवि रंजन ने रांची पीएमएलए कोर्ट के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने डिफॉल्ट बेल की मांग की थी। छवि रंजन ने इससे पहले सीआरपीसी की धारा-167 के तहत याचिका दाखिल की थी जिसमें पुलिस या किसी भी जांच एजेंसी को चार्जशीट दाखिल करने के लिए दिए निर्धारित समय का उल्लेख होता है। निचली अदालत ने याचिका खारिज कर दी थी।

जमीन घोटाला केस में ईडी ने दाखिल की चार्जशीट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रांची बड़गाईं अंचल स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन और एक अन्य 1 एकड़ जमीन की फर्जी कागजातों के सहारे खरीद-बिक्री के मामले में ईडी ने रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, कारोबारी बिष्णु अग्रवाल, बड़गाईं अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक भानुप्रताप प्रसाद सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।