द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर केंद्र को ललकारा है। कहा कि भीख में झारखंड नहीं मिला। खून पसीने से इसको सींचा है। हक और अधिकार नहीं मिला तो कानूनी से लेकर राजनीतिक, हर तहर की लड़ाई लड़ेंगे। 2050 तक देश के अन्य विकसित राज्यों की श्रेणी में इसे खड़ा करूंगा। इसके लिए नई पीढ़ी और युवाओं को आगे आकर जिम्मेदारी निभानी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड का निर्माण लंबे संघर्ष, बलिदान और त्याग के बाद हुआ है। यह भीख में मिला राज्य नहीं, बल्कि खून-पसीने से सींचा हुआ राज्य है। राजधानी रांची के खेलगांव परिसर में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह और सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राज्य के गौरवशाली इतिहास, आदिवासी-मूलवासी समाज के संघर्ष, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, रोजगार और विकास की योजनाओं का जिक्र किया। मुख्यमंत्री आज खेलगांव में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और अपनी सरकार के दूसरे वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सीएम ने लगभग 9098 करोड़ रुपये की 1641 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।

2050 तक विकसित राज्यों की बराबरी करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने पिछले 26 वर्षों में कई राजनीतिक उतार-चढ़ाव देखे हैं। राज्य में विकास की गति काफी बाद में शुरू हो पाई, जबकि कई दूसरे राज्य काफी आगे निकल चुके हैं। ऐसे में अब झारखंड को तेजी से आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2050 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है। झारखंड को उस पायदान पर खड़ा करना है, जहां देश के दूसरे विकसित राज्यों के साथ यह राज्य भी बराबरी से खड़ा हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में राज्य के युवा अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। झारखंड में आगे बढ़ने की असीम संभावनाएं हैं।
'जल, जंगल और जमीन बचाने का संकल्प लें युवा'
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में झारखंड के ऐतिहासिक संघर्ष और अलग राज्य के आंदोलन को याद किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित राज्य के आंदोलनकारियों और मार्गदर्शकों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और त्याग की बदौलत झारखंड अलग राज्य बन पाया। अब संघर्ष करने वाली एक पीढ़ी धीरे-धीरे हमसे विदा हो रही है। ऐसे में नई पीढ़ी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हेमंत सोरेन ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन सिर्फ पहाड़, जंगल और नदी-नाले नहीं हैं, बल्कि यहां के लोगों के जीने का आधार हैं। आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए इन प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित करना होगा।
.jpeg)
खनिज संपदा से देश-दुनिया को दिया, लेकिन झारखंड पीछे रह गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा ने देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों को भी आर्थिक मजबूती देने में योगदान दिया है। राज्य ने सदियों से दूसरे क्षेत्रों को संसाधन उपलब्ध कराए, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह रही कि यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज को अपने ही संसाधनों का पूरा लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आर्थिक और सामाजिक विकास के मामले में झारखंड के लोग लंबे समय तक पीछे रहे। यही वजह थी कि पूर्वजों ने अलग राज्य की परिकल्पना की और संघर्ष के जरिए इसे हासिल किया। अब नई पीढ़ी को झारखंड को पिछड़ेपन से निकालकर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने का संकल्प लेना होगा।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि लगभग 50 लाख से अधिक परिवारों तक हर महीने कम से कम 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि झारखंड की महिलाएं रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने के बजाय अपने ही राज्य में रहकर परिवार के साथ सुरक्षित जीवन जी सकें और अपना रोजगार शुरू कर सकें। मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पखवाड़ा में लगाए गए विभिन्न जिलों के स्टॉल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं अपने उत्पादों और हुनर को बाजार तक पहुंचा रही हैं। दिल्ली में आयोजित ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं ने अपने उत्पादों और हुनर का प्रदर्शन किया। सरकार स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और उचित कीमत दिलाने की दिशा में काम कर रही है। इसके साथ ही ऑनलाइन खरीद-बिक्री और जीआई टैगिंग जैसी व्यवस्थाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने पर काम कर रही सरकार
शिक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की व्यवस्था की गई है। सरकारी स्कूलों और छात्रावासों को बेहतर बनाने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि अब निजी स्कूलों से बच्चे निकलकर सरकारी उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिला ले रहे हैं। सरकार बिना शुल्क बेहतर गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अभी यह व्यवस्था पूरी तरह विकसित नहीं हुई है और इसे शत-प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाना है।
सरकारी छात्रावासों में अब बच्चों को मिलेगा बना हुआ खाना
मुख्यमंत्री ने सरकारी छात्रावासों की पुरानी व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कल्याण विभाग के छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को अपने घर से दाल-चावल और अन्य अनाज लाना पड़ता था। पढ़ाई के साथ उन्हें खुद खाना भी बनाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब इस व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है। सरकारी छात्रावासों में सरकार की ओर से भोजन तैयार कर बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बच्चों को घर से पैसे और अनाज लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर लगा सकेंगे।

युवाओं को हुनरमंद बनाने पर भी सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने और उन्हें हुनरमंद बनाने के लिए सरकार अलग-अलग विभागों के माध्यम से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, मध्यमवर्गीय और संपन्न परिवारों के मेधावी बच्चों को समान नजर से देखा जाना चाहिए। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक स्थिति किसी बच्चे की शिक्षा और आगे बढ़ने के रास्ते में बाधा न बने। उन्होंने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता के साथ मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात भी कही।
'हक-अधिकार चाहिए, भीख नहीं'
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड आंदोलन की भावना को दोहराते हुए कहा कि यह राज्य लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद बना है। यहां के लोगों ने अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा, ''यह भीख में मिला राज नहीं है। हमारा हक-अधिकार हमें चाहिए, हमें भीख नहीं चाहिए। हमारा हक-अधिकार नहीं मिलेगा तो कानूनी लड़ाई हो, राजनीतिक लड़ाई हो, हर लड़ाई लड़ने के लिए अब हम सक्षम हैं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सामने अभी भी कई चुनौतियां हैं, लेकिन अब विकास की यात्रा को पीछे नहीं लौटने देना है। आने वाले समय में प्रतिस्पर्धाएं और चुनौतियां बढ़ेंगी, जिनका सामना करने के लिए राज्य को तैयार रहना होगा।
स्थापना दिवस पखवाड़ा एक-दो दिन बढ़ाने का निर्देश
अपने संबोधन के आखिर में मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पखवाड़ा में लगे स्टॉल और महिला समूहों के उत्पादों की बिक्री का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों से आईं महिलाओं को इस आयोजन के जरिए अपने उत्पादों को बाजार में बेचने का अच्छा अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कुछ महिलाओं ने उनसे पखवाड़े की अवधि एक-दो दिन और बढ़ाने का आग्रह किया था, ताकि वे अपने उत्पादों की बिक्री और बेहतर तरीके से कर सकें। इस पर मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति और संबंधित विभाग के अधिकारियों से पखवाड़े की वास्तविक स्थिति को देखते हुए इसकी अवधि एक-दो दिन बढ़ाने का काम करने को कहा। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जोहार के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।
.jpeg)