logo

HEC मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री पर लगाया उनकी समस्याओं पर चुप्पी साधने का आरोप

HEC मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री पर लगाया उनकी समस्याओं पर चुप्पी साधने का आरोप

रांची:

हेवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन (HEC) के गंभीर संकट, मजदूरों के 32 महीनों से लंबित वेतन और उद्योग के पुनरुद्धार को लेकर एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। महामंत्री रमाशंकर ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जब भी नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग (NITI Aayog) की गवर्निंग काउंसिल बैठक या अन्य केंद्रीय मंचों पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने जाते हैं, तो वे राज्य के कई मुद्दों को उठाते हैं, लेकिन रांची के गौरव और 'मदर ऑफ ऑल इंडस्ट्रीज' कहे जाने वाले HEC के गंभीर विषयों को पूरी तरह दरकिनार कर देते हैं।

राष्ट्रीय मंच पर HEC का मुद्दा नहीं उठाते सीएम
महामंत्री ने सवाल उठाया कि नीति आयोग जैसी उच्चस्तरीय बैठक में जब राज्य के आर्थिक और औद्योगिक विकास पर चर्चा होती है, तो मुख्यमंत्री HEC के पुनरुद्धार, कार्यशील पूंजी (Working Capital) और मजदूरों के बकाए के भुगतान का विषय प्रधानमंत्री के समक्ष प्रमुखता से क्यों नहीं रखते? संघ ने दावा किया कि HEC के हजारों श्रमिक और कर्मचारी पिछले 32 महीनों से बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं। कई परिवार भुखमरी, इलाज के अभाव और बच्चों की पढ़ाई बाधित होने से गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद राज्य के नेतृत्व का इस ओर ध्यान न देना अत्यंत दुखद है।

महज कारखाना नहीं राष्ट्रीय धरोहर है HEC
एचईसी मजदूर संघ ने स्पष्ट किया कि HEC केवल एक कारखाना नहीं, बल्कि झारखंड और देश की औद्योगिक धरोहर है। संघ ने मांग की कि राज्य सरकार को केवल बयानों तक सीमित रहने के बजाय केंद्र सरकार से सीधे समन्वय स्थापित कर इस राष्ट्रीय संपत्ति को बचाने के लिए ठोस और प्रभावी पहल करनी चाहिए। एचईसी मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आगामी बैठकों में प्रधानमंत्री के समक्ष HEC के पुनरुद्धार पैकेज और मजदूरों के लंबित वेतन के मुद्दे को प्राथमिकता से उठाने की आग्रह की।

मुख्यमंत्री की चुप्पी मजदूरों के साथ अन्याय
संघ ने कह कि HEC का मजदूर दिन-रात पसीना बहाकर देश के बुनियादी ढांचे का निर्माण करता है, लेकिन आज वही मजदूर अपने हक और दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है। मुख्यमंत्री का इतने बड़े मंच पर HEC के मुद्दे पर मौन रहना राज्य के श्रमिकों के साथ अन्याय है। जब तक मजदूरों को उनका बकाया वेतन और HEC को नया जीवन नहीं मिल जाता, मजदूर संघ हर स्तर पर अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।"
 

Tags - HECJharkhand NewsHemant SorenRanchi News