logo

HEC आवासों का लीज रिन्यूअल और ट्रांसफर शुरू करने की मांग, 5 दिसंबर को जनसभा

HEC आवासों का लीज रिन्यूअल और ट्रांसफर शुरू करने की मांग, 5 दिसंबर को जनसभा

द फॉलोअप डेस्क:

HEC Housing Lease Renewal: एचईसी (HEC) नागरिक परिषद ने धुर्वा (Dhurva) के सीटीओ रोड (CTO Road) पर जनसभा कर तीन सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। रविवार, 29 नवंबर 2026 को परिषद के बैनर तले आयोजित इस जनसभा की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष सह राजद नेता कैलाश यादव ने की। सभा में एचईसी प्रबंधन और केंद्र सरकार के रवैये के खिलाफ लोगों ने नाराजगी जताई। कैलाश यादव ने कहा कि एचईसी की स्थापना के समय से ही यहां के लोग कारखाने के विकास में योगदान देते आ रहे हैं। इसके बावजूद पिछले दो-तीन वर्षों से एचईसी की स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि एचईसी परिसर में लगभग 60-65 वर्षों से रह रहे लोगों को आवासों के लीज रिन्यूअल, रजिस्ट्रेशन, ट्रांसफर और वार्षिक मेंटेनेंस जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

30 साल बाद भी लीज रिन्यूअल शुरू नहीं, आवास ट्रांसफर में भी परेशानी

कैलाश यादव ने कहा कि एचईसी की स्थापना के दौरान लगभग 35 गांवों की जमीन ली गई थी। वर्ष 1958-60 के दौरान कारखाने के निर्माण के लिए करीब 10 हजार एकड़ जमीन के इस्तेमाल को लेकर डीड ऑफ कन्वेंशन में प्रावधान तय किए गए थे। वहीं, वर्ष 1995-96 में एचईसी की आर्थिक स्थिति खराब होने और कंपनी के बीआईएफआर में जाने के बाद आवासों और जमीन को 90 वर्षों की दीर्घकालीन लीज पर देने का फैसला लिया गया था। पहले चरण में एसटी, डीटी, बी, बी/3, ए2, सीडी और अन्य टाइप के आवासों को एलटीएल स्कीम के तहत लीज पर दिया गया था। समझौते के मुताबिक प्रत्येक 30 वर्ष पूरे होने पर लीज का रिन्यूअल होना था, लेकिन प्रथम चरण के लीजधारकों की अवधि पूरी होने के बावजूद अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। यादव ने यह भी कहा कि एचईसी के सर्कुलर और डीड एग्रीमेंट के अनुसार कुल कीमत का 25 प्रतिशत रेवेन्यू शुल्क देकर आवासों का रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। वहीं, आवास बेचकर जाने की स्थिति में पांच वर्ष बाद 25 प्रतिशत शुल्क देकर उसे दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद प्रबंधन की ओर से प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही है।

झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों को भी लीज पर जमीन देने की मांग

एचईसी नागरिक परिषद ने आवासों के लीज रिन्यूअल और रजिस्ट्रेशन के साथ झुग्गी-झोपड़ी में वर्षों से रह रहे लोगों को भी जमीन लीज पर देने की मांग की है।** कैलाश यादव के मुताबिक, एचईसी में कभी करीब 22 हजार कर्मचारी कार्यरत थे और स्थायी व अस्थायी आवासों की संख्या लगभग 7-8 हजार थी। ऐसे में कई कर्मचारी और उनके परिवार खाली जमीनों पर झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रहने लगे। परिषद का कहना है कि इन परिवारों और दुकानदारों को जमीन लीज पर देने से एचईसी को राजस्व मिलेगा और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। जनसभा में तीन प्रमुख मांगें पारित की गईं। इनमें एलटीएल आवासों का रिन्यूअल और निबंधन शुरू करना, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों को जमीन आवंटित करना और दूसरे लोगों से खरीदे गए लीजधारक आवासों की ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करना शामिल है। परिषद अब आंदोलन को तेज करने की तैयारी में है। इसके तहत एचईसी के विभिन्न क्षेत्रों में 10 जनसभाएं आयोजित कर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। धुर्वा आदर्शनगर, सेक्टर-4 मुस्लिम कॉलोनी, जगन्नाथपुर, सेक्टर-3 और सेक्टर-2 में भी चरणबद्ध सभाएं होंगी। इसके बाद 5 दिसंबर को दोपहर 2:30 बजे धुर्वा के मोंटेसरी मैदान में बैठक आयोजित की जाएगी। यादव ने मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े जनआंदोलन की चेतावनी दी है।
 

Tags - Jharkhand NewsJharkhand Latest NewsHEC RanchiHEC Housing Lease RenewalHEC Quarter Registration