logo

स्वास्थ्य कर्मियों के नियमितीकरण के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित करे सरकार: बंधु तिर्की

788.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के 8000 से अधिक अनुबंधित चिकित्सा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए सरकार को जल्द उच्च स्तरीय समिति का गठन करना चाहिए। उसकी रिपोर्ट के आधार पर इन सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अविलंब स्थायी किया जाना चाहिए। यह बातें पूर्व शिक्षा मंत्री व झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने स्वास्थ मंत्री बन्ना गुप्ता को पत्र लिखकर कही है। उन्होंने कहा कि अपनी सेवा को स्थायी करने की मांग को लेकर राजभवन के समीप आमरण अनशन पर बैठे अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मचारी में अधिकतर झारखंड के आदिवासी-मूलवासी ही हैं। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को लिखे गए अपने पत्र में उन्होंने यह अनुरोध किया है कि पिछले 10 साल से ज्यादा समय से कार्य कर रहे आंदोलनरत स्वास्थ्यकर्मी, झारखंड के विभिन्न जिलों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ ही अस्पतालों में भी काम कर रहे हैं। वे एएनएम, जीएनएम, लैब टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट तथा अन्य पदों पर कार्यरत हैं। उन कर्मचारियों की संख्या 8000 से अधिक है।

यह भी पढ़ें : राज्यपाल के स्थानीयता विधेयक लौटाने पर झामुमो ने भाजपा का पुतला किया दहन

लंबे समय से स्थायीकरण की कर रहे हैं मांग
पत्र में बंधु तिर्की ने कहा कि लंबे समय से वे अपने स्थायीकरण की मांग कर रहे हैं। अगर उनकी नियुक्ति में आरक्षण रोस्टर के नियमों का पालन किया गया है और उनकी नियमानुसार नियुक्ति घोषित रिक्त पदों को भरने के लिए की गई है तो फिर उनका नियमितीकरण समय की मांग है।

यह भी पढ़ें : 1932 का कभी विरोध नहीं किया, हेमंत सरकार क्यों दूसरे के कंधे पर बंदूक रखकर चला रही गोली- बाबूलाल मरांडी

इस मुद्दे को संवेदनशीलता के साथ देखने की जरूरत
आमरण अनशन के कारण कई अनुबंधित चिकित्सा कर्मियों की तबीयत बिगड़ी है। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा है। ऐसे में इस मुद्दे को पूरी संवेदनशीलता के साथ देखने की जरूरत है। क्योंकि, राज्य का पूरा स्वास्थ्य तंत्र चिकित्सा कर्मियों के बल पर है। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि उन्हें दी गई जानकारी के अनुसार इन अनुबंध कर्मियों से पहले नियुक्त अनुबंध कर्मियों को पहले ही नियमित किया जा चुका है। इसीलिए तार्किक दृष्टिकोण से भी इन स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित किया जाना चाहिए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT