logo

जामताड़ा में आम चुन रहे बच्चों पर हुआ वज्रपात, 13 साल की बच्ची की मौत; किशोर झुलसा

a763.jpg

कुंडहित/जामताड़ा:

​जामताड़ा के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत अंबा गांव में मंगलवार दोपहर आंधी-तूफान के बीच हुए वज्रपात की चपेट में  आकर13 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर को इलाके में अचानक आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश होने लगी। इसी दौरान अंबा गांव के 5 बच्चे पास ही में आम चुनने के लिए गए हुए थे। बच्चे आम के पेड़ के पास पहुंचे ही थे कि अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जालंधर बाउरी की 13 वर्षीय पुत्री श्रीया बाउरी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, अर्जुन दास का 16 वर्षीय पुत्र दिनू दास गंभीर रूप से झुलस गया।

​घायल को सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर किया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और दोनों बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), कुंडहित पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची श्रीया बाउरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल किशोर दिनू दास की गंभीर स्थिति और नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस रेस हो गई। कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। इसके साथ ही अंचल कार्यालय से अंचल निरीक्षक अरुण कुमार यादव और हल्का कर्मचारी संदीप सोरेन ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली। अंबा पंचायत के मुखिया दुलु सिंह टुडू ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

पीड़ित परिवार को मिलेगा उचित मुआवजा
​प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता और मुआवजा प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने परिजनों से जरूरी कागजात तैयार करने का आग्रह किया है ताकि राहत राशि जल्द मिल सके। हालांकि, परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे, जिसके बाद अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को अविलंब आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Tags - Jharkhand NewsJharkhand Jamtara NewsLightningGirl Child Died