logo

दिल्ली में गुलाम अहमद मीर से मिलने पहुंचे गिरिनाथ सिंह, चतरा संसदीय सीट पर चर्चा संभव

girinath_singh_delhi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिनाथ सिंह इन दिनों दिल्ली में हैं। यहां वो कांग्रेस के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। आज गिरिनाथ झारखंड कांग्रेस के प्रभारी गुलाम अहमद मीर से मुलाकात करने पहुंचे हैं। इसकी एक वीडियो भी सामने आई है। जो जानकारी निकल कर आ रही है उसके अनुसार गिरिनाथ सिंह चतरा से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। यही वजह है कि पिछले दिनों वह राजद में शामिल हुए थे लेकिन गठबंधन के तहत चतरा सीट कांग्रेस कोटे में जा रही है। इसलिए अब गिरिनाथ सिंह चाहते हैं कि वह कांग्रेस के सिंबल पर चतरा से चुनाव लड़ें। गौरतलब है कि गिरिनाथ सिंह ने 2 अप्रैल को बीजेपी छोड़ राजद का दामन थामा है। 


बीजेपी से नहीं मिला टिकट
गौरतलब है कि 30 मार्च को गिरिनाथ सिंह ने राबड़ी आवास में लालू यादव से मुलाकात की थी। इसके बाद 2 अप्रैल को पटना में पार्टी कार्यलय में सदस्यता ग्रहण किया। बता दें कि गिरिनाथ सिंह चतरा लोकसभा सीट से खुद को बीजेपी का दावेदार मानकर चल रहे थे। लेकिन बीजेपी ने उनकी जगह कालीचरण सिंह को उम्मीदार बनाया। जिससे गिरिनाथ नाराज चल रहे थे। जिसके बाद से गिरिनाथ सिंह बगावत के मूड में नजर आ रहे थे। आखिरकार 2 अप्रैल को उन्होंने घर वापसी कर ली है। 


झारखंड की पहले विधानसभा का सदस्य 
साल 2000 में जब झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड राज्य आस्तित्व में आया। गिरिनाथ सिंह ने राजद की टिकट पर चुनाव लड़कर झारखंड की पहले विधानसभा का सदस्य बनने का गौरव हासिल किया। इसके बाद वो 2005 के विधानसभा चुनाव में राजद से विधायक चुने गए। इस चुनाव के बाद शिबू सोरेन की अल्पकालीन सरकार में संसदीय कार्य मंत्री बनाए गए। साल 2009 और 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान झारखंड और राजद में गुटबाजी हावी हो गई। इस वजह से गिरिनाथ सिंह को झारखंड प्रदेश के राजद अध्यक्ष पद से भी हटना पड़ा। तब से गिरिनाथ सिंह की राजद से दूरी बनने लगी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी की चमक और महागठबंधन के बिगड़े समीकरण से गिरिनाथ सिंह को भी विकल्प ढूंढने के लिए विवश होना पड़ा। 2019 में भी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था और 2024 के लोकसभा चुनाव के ठीक पहले उन्होंने बीजेपी को बाय बाय कहकर राजद का दामन थाम लिया है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - JharkhandJharkhand newsloksabha election 2024Girinath singh