logo

लीजिये! अब आंख मिलाना भी हुआ खतरनाक; हिप्नोटाइज कर महिला से यूं ठग लिये 8 लाख के जेवर

thug1.jpg

गिरिडीह 

साइबर क्राइम, चोरी औऱ छिनतई की वारदात तो आपने खूब सुनी होगी। लेकिन अब शातिरों ने ठगी का नायाब तरीका इजाद कर लिया है। गिरिडीह में एक महिला को दो शातिर लोगों ने सम्मोहित कर उसके 8 लाख के जेवर ठग लिये। जिसमें सोने की चेन, हीरे लगे कंगन और अंगूठी आदि जेवर हैं। इस बात की तसदीक जिले के एसपी दीपक कुमार शर्मा ने की है। उन्होंने कहा है कि यह छिनतई की वारदात नहीं है। शातिर ठगों ने महिला को हिप्नोटाइज कर ठग लिया है। पीडिता के बेटे ने इस मामले में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज करायी है। जबकि ठगी की ये घटना सोमवारो देर शाम को घटी है। 

इस तरह महिला को किया सम्मोहित 

मिली खबर के मुताबिक पीड़ित महिला का नाम हंसा भारतीया है। और वारदात के समय वो शहर के यूनियन बैंक के पास थी। उसी वक्त उसके पास दो लोग पहुंचे। बातों ही बातों में उन्होंने हंसा भारतीया से जान लिया उनके बच्चे हैं। दोनों शातिर लोगों ने महिला से ये कहकर डरा दिया कि उनके बच्चों के साथ निकट भविष्य में कुछ अनहोनी होने वाली है। देवी-देवता उनसे नाराज हैं। इस अनहोनी को टालने के लिए कुछ विधि-विधान करने होंगे। महिला को उनकी बातों पर यकीन नहीं हुआ तो उन्होंने अपने एक और साथी से उसकी बात करा दी। जिस पर आने वाली मुसीबत को इन्हीं शातिर लोगों ने विधि-विधान से टाल दिया था। इससे महिला को उनकी बातों पर यकीन हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग 

इसके बाद शातिरों ने महिला को उसके सभी जेवर एक-एक कर उतारने के लिए कहा। महिला उनकी बातों से इस कद्र सम्मोहित हो गयी कि उसने उस समय पहने सभी जेवर उतार कर अपने पर्स में रख लिये। इसके बाद शातिर ठगों ने देरी नहीं की। पलक झपकते ही हंसा भारतीया का पर्स लेकर बाइक से फरार हो गये। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर तहकीक शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस को शातिर ठगों की तस्वीरें शहर के सीसीटीवी फुटेज में मिली हैं। पुलिस इसी आधार पर आगे की पड़ताल कर रही है। बता दें कि पीड़िता हंसा दर्जी मोहल्ले की रहने वाली है। उसके पिता शंभु दयाल केडिया शहर के मशहूर तबला वादक हैं।