गढ़वा
गढ़वा जिले में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर अब सरकारी कार्यों पर भी दिखाई देने लगा है. जिले के एक सहायक आचार्य जनगणना कार्य के लिए बाइक या कार की जगह घोड़े पर सवार होकर निकले. उनका यह अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
16 मई से संभालेंगे नया कार्यक्षेत्र
जानकारी के अनुसार, मुन्ना प्रसाद गुप्ता राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय, टाटीदिरी में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा उन्हें 16 मई से मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य में लगाया गया है. उनका कार्यक्षेत्र राजकीय प्राथमिक विद्यालय, पनघटवा क्षेत्र निर्धारित किया गया है.
ईंधन के आसमान छूते दामों के बीच अनोखा विरोध
मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर भारी असर डाला है. इसी वजह से उन्होंने घोड़े पर सवार होकर अपने कार्यक्षेत्र में जाने का फैसला लिया. उन्होंने कहा, “जब ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं, तब घोड़े की सवारी ज्यादा किफायती और सुविधाजनक लग रही है. घोड़े पर सवार होकर जनगणना कार्य के लिए निकलते शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे महंगाई पर व्यंग्य और देसी समाधान, दोनों के रूप में देख रहे हैं.