logo

गढ़वा में भीषण अग्निकांड, पोल्ट्री फार्म में जिंदा जलीं 1500 मुर्गियां; लाखों का नुकसान

सहीुग1.jpg

चंदन/गढ़वा
गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र अंतर्गत भागोडीह गांव के छतवा टोला में एक पोल्ट्री फार्म में भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। तैयब अंसारी के पोल्ट्री फार्म में लगी आग की चपेट में आकर करीब 1500 देशी मुर्गियां जिंदा जल गईं। वहीं फार्म परिसर में खड़ी एक मोटरसाइकिल, मुर्गियों का दाना और अन्य उपकरण भी जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। जानकारी के अनुसार घटना देर रात की है, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक पोल्ट्री फार्म से आग की ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि फार्म में मौजूद अधिकांश सामान को बचाया नहीं जा सका।


मुर्गियां, मोटरसाइकिल और दाना सब हुआ राख
पीड़ित तैयब अंसारी ने बताया कि पोल्ट्री फार्म में करीब 1500 मुर्गियां तैयार की जा रही थीं, जो आग में जलकर मर गईं। इसके अलावा परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। मुर्गियों के लिए रखा गया करीब 20 हजार रुपये मूल्य का दाना भी आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनकी वर्षों की मेहनत और पूंजी खत्म हो गई है।


आग के कारणों का नहीं चला पता

ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास के घरों तक भी फैल सकती थी। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पीड़ित तैयब अंसारी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें।

 

Tags - Garhwa News Fire Incident Poultry Farm Jharkhand Ramna