चंदन कश्यप/गढ़वा
गढ़वा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में डैम में डूबने से फुआ और भतीजे की मौत हो गई। घटना मेराल थाना क्षेत्र के चामा पंचायत स्थित गोबरदहा गांव की है, जहां हड़वड़िया डैम में डूब रही फुआ को बचाने उतरा भतीजा भी पानी में समा गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार गोबरदहा गांव निवासी अजीमुद्दीन खान की 13 वर्षीय पुत्री जैनाब खातून अचानक डैम में डूबने लगी। फुआ को डूबता देख रिश्ते में भतीजा सोहेल खान बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में कूद पड़ा। वह जैनाब को बचाने की कोशिश करने लगा, लेकिन गहरे पानी में दोनों डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

गोताखोरों की मदद से निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलने के बाद मेराल सीओ यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णुकांत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दोनों को आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया।

पूर्व मंत्री पहुंचे, मदद का दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर और मुखिया शंभू राम भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मुखिया शंभू राम ने कहा कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को आपदा राहत से मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।