द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा में गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी के संदेह में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने सोनपुरवा भट्टी मोहल्ला स्थित एक अर्धनिर्मित भवन में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भवन से 13 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में गैस चूल्हों से जुड़े उपकरण भी मौके से मिले हैं। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद जयकृष्ण से पूछताछ की गई, लेकिन वह सिलेंडरों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जानकारी के मुताबिक वह गैस मरम्मत की दुकान चलाता है और पहले गैस डिलीवरी का काम भी कर चुका है। बरामद सभी सिलेंडर इंडेन गैस एजेंसी के पाए गए। हालांकि मौके से ही एजेंसी संचालक से संपर्क करने पर उक्त व्यक्ति को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी।

भवन सील, एजेंसी को सौंपा जाएगा जिम्मेनामा
मामला संदिग्ध प्रतीत होने और गैस सिलेंडरों की संभावित कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन अर्धनिर्मित भवन को सील कर दिया है। साथ ही संबंधित गैस एजेंसी को सिलेंडरों के सत्यापन, जिम्मेनामा और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।

भवन स्वामी पर भी होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिस अर्धनिर्मित भवन में गैस सिलेंडर रखे गए थे, उसके भवन स्वामी के खिलाफ भी अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छापेमारी के दौरान गढ़वा थाना के पुलिस उप निरीक्षक अविनाश कुमार सहित पुलिस बल के जवान भी मौके पर मौजूद रहे।