logo

गढ़वा में वज्रपात से दो बच्चों की मौत, एम्बुलेंस न मिलने पर खाट से पहुंचे शव

Untitled_(1).jpg

गढ़वा
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के दुधवल गांव में बीती रात आई आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। वज्रपात की चपेट में आने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान शाहबाज अंसारी और फैजुन खातून के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्चे का नाम सुहैल अंसारी है।घटना की पूरी जानकारी 
मृतकों के परिजनों ने बताया कि घर के आंगन में ही आम का पेड़ है। बीती रात अचानक तेज आंधी-तूफान आया, जिसके बाद बच्चे जमीन पर गिरे आम चुनने के लिए पेड़ के नीचे चले गए। इसी दौरान पेड़ पर जोरदार वज्रपात हो गया और आम चुन रहे तीनों बच्चे इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में दो बच्चों की तत्काल मौत हो गई।खाट और पिकअप के सहारे पहुंचे अस्पताल
हादसे के बाद परिजन किसी तरह बच्चों को लेकर रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां घायल का इलाज शुरू किया गया, जबकि दोनों मृतकों के शवों को रात भर अस्पताल में ही रखा गया। सुबह शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा जाना था। परिजनों का आरोप है कि उन्हें घर से रंका सामुदायिक अस्पताल तक और फिर वहां से गढ़वा सदर अस्पताल आने के लिए कोई सरकारी एम्बुलेंस नहीं मिली। लाचार होकर परिजनों को घर से खाट मंगवानी पड़ी। शवों को खाट पर लादकर और निजी खर्च पर पिकअप वाहन भाड़े पर लेकर वे गढ़वा सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें कोई भी सरकारी मदद या वाहन की सुविधा नहीं मिली।
 

Tags - Garhwa News Lightning Strike Jharkhand Weather Breaking News Ranka