चंदन/ गढ़वा
गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र स्थित कोईंदी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लोड था, जिसे रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था। ट्रक चालक अलीमन अंसारी ने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने रात में ही वाहन मालिक को इसकी सूचना दे दी थी। मालिक ने तबीयत ठीक होने पर निकलने और अन्यथा सुबह दूसरा चालक भेजने की बात कही थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया था।

ग्रामीणों ने बुझाने की कोशिश की, जांच में जुटी पुलिस
सुबह अचानक ट्रक में आग लगने की सूचना फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी वाहन के पास नहीं जा सका। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरा ट्रक जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

टाउन हॉल के पास ट्रांसफार्मर में भी लगी आग
वहीं दूसरी ओर गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल के पास रात में एक ट्रांसफार्मर में भी आग लग गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।