logo

गढ़वा : जुए के विवाद में मारी गोली, रिम्स में इलाज के दौरान युवक की मौत

Screenshot_2026-07-15_144905.jpg

गढ़वा
जुआ अड्डे पर हुई गोलीबारी की घटना ने एक युवक की जान ले ली। शहर थाना क्षेत्र के टंडवा स्थित श्मशान घाट के समीप दानरो नदी किनारे मंगलवार रात गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय मुन्ना प्रसाद सोनी की रिम्स, रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
जुआ खेलने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, टंडवा स्थित श्मशान घाट के पास एक ईंट-भट्ठे के समीप कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद के बाद एक युवक ने मुन्ना प्रसाद सोनी पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं पसली के नीचे सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सदर अस्पताल से रिम्स किया गया था रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मुन्ना प्रसाद सोनी को गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार गोली शरीर के अंदर ही फंसी हुई थी। रिम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मुन्ना प्रसाद सोनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं घटना के बाद टंडवा और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। 
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
गढ़वा एसडीपीओ दिल्लू लोहरा के नेतृत्व में शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और गोली चलाने वाले आरोपी की पहचान को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags - Garhwa News Garhwa Firing Garhwa Crime Munna Prasad Soni RIMS Ranchi