logo

गढ़वा में रहस्यमय परिस्थितियों में हाथी की मौत, जंगल में मिला शव

तदतो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के चिनिया-बेता मुख्य सड़क स्थित डोली पत्थर जंगल में एक हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह तालाब के समीप हाथी का शव देखे जाने के बाद इसकी सूचना तेजी से आसपास के गांवों में फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार हाथी की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। शव काफी हद तक सड़ने लगा है और उससे दुर्गंध भी आ रही है। जंगल में हाथी का शव मिलने से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


वन विभाग की टीम पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।

 

Tags - Garhwa Elephant Wildlife Forest Jharkhand