गढ़वा
KYC अपडेट करने के नाम पर यूको बैंक के ग्राहकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। ठग खुद को यूको बैंक का शाखा प्रबंधक बताकर ग्राहकों से गोपनीय जानकारियां हासिल कर रहे हैं और उनके खातों से पैसे उड़ा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए यूको बैंक गढ़वा शाखा के प्रबंधक ऋषांत कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर फर्जी मोबाइल नंबर को ट्रेस करने और इस सुनियोजित साइबर अपराध के पीछे के अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
केवाईसी अपडेट करते ही बैंक खाली
जानकारी के मुताबिक, शाखा प्रबंधक द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पिछले पांच-छह दिनों से मोबाइल नंबर 7061719294 से लगातार बैंक ग्राहकों को कॉल किया जा रहा है। कॉल करने वाला व्यक्ति स्वयं को यूको बैंक गढ़वा शाखा का प्रबंधक बताकर ग्राहकों से केवाईसी अपडेट कराने के लिए व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी, ओटीपी एवं अन्य गोपनीय विवरण साझा करने का दबाव बना रहा है। आवेदन के अनुसार अब तक लगभग 20 ग्राहक इस संबंध में जानकारी लेने के लिए शाखा पहुँच चुके हैं। वहीं दो से तीन ग्राहक साइबर ठगी का शिकार भी हो चुके हैं तथा उन्होंने फर्जी कॉल प्राप्त होने के बाद उनके खातों से अनधिकृत वित्तीय लेन-देन की शिकायत दर्ज कराई है।
ठग, शाखा प्रबंधक के नाम पर लोगों को चूना लगा रहे
शाखा प्रबंधक ने कहा है कि ठग बैंक के नाम का दुरुपयोग कर ग्राहकों में भ्रम और भय का माहौल बना रहे हैं, जिससे बैंक की साख और ग्राहकों का विश्वास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह एक सुनियोजित साइबर अपराध है, जो बैंक और उसके ग्राहकों को निशाना बनाकर संचालित किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, यूको बैंक प्रबंधन ने पुलिस से मोबाइल नंबर ट्रेस करने तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी एवं साइबर अपराध संबंधी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके। यूको बैंक के शाखा प्रबंधक ऋषांत ने ग्राहकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी , एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, नेट बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। बैंक कभी भी फोन पर इस प्रकार की जानकारी नहीं मांगता है।