logo

गढ़वा में दिनदहाड़े बाइक सवार की गोली मारकर हत्या, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस

GARHWA_IMAGE_.jpg

गढ़वा
गढ़वा जिले में रविवार की दिनदहाड़े अपराधियों ने एक बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल के समीप हुई, जहां अपराधियों ने युवक को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और मृतक की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
घटना की पूरी जानकारी
मृतक की पहचान सिमडेगा जिले के रहने वाले दीपक कुजूर 35 वर्षीय के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वर्तमान में रामकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। जानकारी के अनुसार दीपक Apachee बाइक से बड़गड़ से भंडरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया और ललमटिया मोड़ के पास उसे रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल दीपक कुजूर को तत्काल इलाज के लिए भंडरिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा? 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अपराधी ने पहले दो राउंड हवाई फायरिंग की, जिसके बाद दीपक कुजूर की कनपटी पर गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों अपराधियों ने बिना चेहरा ढके मुख्य सड़क पर वारदात को अंजाम दिया और आराम से फरार हो गए।
प्रारंभिक पुष्टि लेन-देन के विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे लेन-देन के विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रोहित रंजन सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़ा है। राहगीरों ने गोली चलने की आवाज सुनने की बात भी बताई थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले का अनुसंधान जारी है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Tags - Garhwa Jharkhand Crime Murder Police Investigation Jharkhand News