logo

गढ़वा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति गिरफ्तार; दहेज उत्पीड़न का आरोप

नगनो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव में एक 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान गुलशन आरा खातून के रूप में हुई है, जो मो. सैफ खान की पत्नी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची बरडीहा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप
मृतका की बहन शैमून खातून ने बरडीहा थाना में लिखित शिकायत देकर पति मो. सैफ खान, देवर मो. कैफ खान, सास नसीबा बीबी और ससुर नसरुल्लाह खान उर्फ राज कपूर पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपित बुलेट मोटरसाइकिल और जमीन की मांग को लेकर गुलशन आरा को प्रताड़ित करते थे। एक बार पंचायत के माध्यम से समझौता भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद दहेज की मांग और मारपीट जारी रही। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गुलशन आरा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पति, देवर, सास और ससुर घर छोड़कर फरार हो गए थे। हालांकि ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने पति मो. सैफ खान को पकड़कर गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के लिए थाना ले गई। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस कर रही जांच
परिजनों ने घटना में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मृतका के गले पर दबाव के निशान और दाहिने पैर के अंगूठे पर कट का निशान होने की भी बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


 

Tags - Garhwa Dowry Death Crime Jharkhand Police